
हनुमानगढ़ । फूडग्रेन मर्चेन्ट्स एसोसिएशन संस्था के सचिव दलीप सिंह ढिल्लो ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडी कार्यालय में व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल कि अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रबी खरीद 2026-27 के दौरान गेहूं खरीद प्रक्रिया में लागू स्लॉट सिस्टम का केवल नाम बदलकर नया रूप दे दिया गया है, जबकि वास्तविकता में प्रक्रिया पहले जैसी ही है। इस बदलाव से व्यापारी और किसान दोनों ही भ्रमित हो रहे हैं। बैठक में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा यह कहकर गुमराह किया जा रहा है कि स्लॉट सिस्टम को समाप्त कर दिया गया है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस परिवर्तन नहीं किया गया। इस स्थिति से मंडी में अव्यवस्था और असंतोष का माहौल बन गया है। इसी के विरोध में हनुमानगढ़ मंडी के समस्त व्यापारियों के साथ-साथ जिले की सभी मंडियों के व्यापारी, मजदूर संगठन एवं किसान संगठनों ने सामूहिक रूप से रविवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। व्यापारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को शीघ्र नहीं माना गया, तो सोमवार सुबह 11 बजे भारत माता चौक, हनुमानगढ़ टाउन पर चक्का जाम किया जाएगा। इस दौरान बैठक में अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल सहित नरोतम सिंगला, बालकिशन कमरचंदानी, धनश्याम भादू, मेजर सिंह कमरानी, सन्नी जूनेजा, संजय जैन, संजय सर्राफ, विजय बंसल, सतवीर सिंह, जगदीश यादव और राजकुमार मित्तल सहित कई व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार रोष व्यक्त किया और नारेबाजी की।
