
श्रीगंगानगर। पदमपुर स्टेट हाईवे पर 18 बीबी टोल प्लाजा को फिर से खोलने पर विवाद हो गया। सोमवार दोपहर 12 बजे श्रीकरणपुर कांग्रेस विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और टोल वसूली का विरोध करते हुए धरने पर बैठ गए।
इसी दौरान पुलिस और विधायक समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने कुछ लोगों को गाड़ी में बैठा लिया, लेकिन वापस छोड़ दिया। तनाव की स्थिति को देखते हुए एडीएसपी और डीएसपी के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस मौके पर तैनात है।
हालांकि विधायक कुन्नर समर्थकों के साथ धरने पर डटे रहे। रात करीब साढ़े 9 बजे पुलिस ने विधायक और धरने पर बैठे उनके समर्थकों को हिरासत में लिया।
अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा घटनाक्रम …
1. 5 मार्च से टोल हटाने की मांग को लेकर शुरू हुआ धरना
श्रीगंगानगर–पदमपुर स्टेट हाईवे पर स्थित 9ए और 18 बीबी टोल प्लाजा को बंद करने की मांग को लेकर 5 मार्च से स्थानीय लोग धरने पर बैठे हुए थे। इस दौरान वाहनों का आवागमन जारी रहा, लेकिन टोल वसूली बंद थी। लंबे समय तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद मामला कानूनी प्रक्रिया में पहुंच गया।
2. हाईकोर्ट पहुंचा मामला, 6 अप्रैल को हुई सुनवाई
दीपक एंड कंपनी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने इस मामले को लेकर हाईकोर्ट का रुख किया। 6 अप्रैल की सुनवाई में सरकार की ओर से बताया गया कि पीडब्ल्यूडी ने 30 मार्च को पदमपुर थाने में धरना दे रहे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कंपनी ने टोल वसूली के लिए बढ़ाए गए समय को लेकर भुगतान या अनुबंध के अनुसार वसूली जारी रखने की मांग रखी।
कोर्ट ने इसे अपर्याप्त कदम मानते हुए मौखिक सुझाव दिया कि या तो सरकार टोल कंपनी को भुगतान करे या अनुबंध के अनुसार तय अवधि तक टोल वसूली जारी रहने दे। कोर्ट ने अगली सुनवाई 15 अप्रैल तय की और एसपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तथ्यात्मक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
3. 13 अप्रैल को टोल शुरू
हाईकोर्ट की प्रक्रिया के बाद सोमवार को प्रशासन ने 18 बीबी टोल प्लाजा पर फिर से टोल वसूली शुरू कर दी। सूचना मिलते ही प्रदर्शनकारी मौके पर एकत्र हो गए और टोल वसूली का विरोध करने लगे। इसके बाद पुलिस बल तैनात किया गया।
4. दोपहर में विधायक मौके पर पहुंचे
करीब 12 बजे श्रीकरणपुर विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और टोल वसूली का विरोध करते हुए सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। विधायक और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने कुछ समर्थकों को वहां से हटाया।
इसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। 18 बीबी टोल नाके पर एडीएसपी भंवरलाल और डीएसपी पुष्पेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता तैनात रहा, जबकि 9ए टोल नाके पर नायब तहसीलदार, पीडब्ल्यूडी अधिकारी, आईपीएस प्रोबेशनर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
5. टोल कर्मचारी हटाया, धरना जारी, 8-9 लोगों पर केस दर्ज
विधायक ने मौके पर टोल वसूली कर रहे कर्मचारी को पकड़कर बाहर निकाल दिया। पुलिस ने टोल पर बैठे 5-6 लोगों को हटाया और वहां बिछाए गए गद्दे भी हटवा दिए। इसके बावजूद विधायक धरने पर डटे रहे और प्रशासन उनसे समझाइश करता रहा।
इस पूरे मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से पदमपुर थाने में 8-9 अज्ञात लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। विधायक रूपिंदर सिंह ‘रूबी’ कुन्नर ने राज्य सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ रहा है।
