
हनुमानगढ़। शहर के वार्ड नं. 4 स्थित नई खुंजा क्षेत्र में सोमवार को एक घर में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई, जिससे घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के समय इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मजदूरी कर अपना जीवन यापन करने वाले सुखदेव सिंह बावरी के घर में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घर का काफी सामान इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
मोहल्ले के लोगों ने एकजुट होकर बाल्टियों और अन्य साधनों से पानी डालकर बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी बीच आसपास के लोगों ने पार्षद प्रतिनिधि मनोज बड़सीवाल को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मनोज बड़सीवाल मौके पर पहुंचे और तुरंत दमकल विभाग व पुलिस प्रशासन को सूचित किया।
दमकल की गाड़ी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही स्थानीय लोगों के प्रयासों से आग काफी हद तक बुझाई जा चुकी थी। हालांकि तब तक घर में रखा कीमती सामान जलकर राख हो चुका था। आग की इस घटना में डबल बेड, सोफा, वॉशिंग मशीन, कलर टीवी, सीलिंग फैन, फराटा पंखा और एक संदूक पूरी तरह जल गए। संदूक में रखे कपड़े और अन्य जरूरी सामान भी नष्ट हो गए।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग की वजह से घर की दीवारों में दरारें आ गई हैं, जिससे मकान को भी नुकसान पहुंचा है। पार्षद प्रतिनिधि मनोज बड़सीवाल ने मौके का निरीक्षण करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि इस गरीब परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।
