हनुमानगढ़। भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को शहर के अम्बेडकर चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर भारतीय संविधान के निर्माता और आधुनिक भारत के महानतम शिल्पकारों में से एक थे। उन्होंने कहा कि अम्बेडकर जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, न्याय और संविधान के मूल्यों को बढ़ावा देने का अवसर है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और समाज में समरसता को मजबूत करें।
डॉ. यादव ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक ढांचे को सुधारने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर का यह कथन कि “शिक्षा ही वह हथियार है जिससे दुनिया बदली जा सकती है” आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने शिक्षा को समाज में बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए युवाओं को शिक्षित बनने और जागरूक रहने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर भाजपा के युवा नेता अमित सहू, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भारत भूषण शर्मा, संजय शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ओ.पी. बिश्नोई, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्ना लाल कड़ेला, नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव, टी.ओ. स्काउट भारत भूषण, सफाई निरीक्षक श्रीमती रमनदीप कौर तथा सामाजिक कार्यकर्ता भीष्म कौशिक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विक्रम सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सहयोग देने वालों का धन्यवाद किया।
इसके उपरांत सभी अतिथि एवं अधिकारी जिला कलेक्टर सभागृह में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से जुड़े। इस दौरान जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ओ.पी. बिश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भाजपा नेता अमित सहू, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, पूर्व महामंत्री विकास गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता व न्याय स्थापित करने का संकल्प लिया।
