
हनुमानगढ़। नगरपरिषद आयुक्त के निर्देशानुसार ठंडी छाव निशुल्क लंगर सेवा समिति हनुमानगढ़ व नगरपरिषद हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत पॉलीथीन मुक्त हनुमानगढ़ अभियान को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की गई। इस दौरान आम नागरिकों एवं दुकानदारों को निशुल्क जूट के थैलों का वितरण किया गया, जिससे लोगों को प्लास्टिक के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों और नगरपरिषद के कर्मचारियों ने लोगों को पॉलीथीन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पॉलीथीन पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक है और इसके उपयोग से न केवल प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि यह पशुओं और मानव स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बनता है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर नगरपरिषद के स्वच्छता निरीक्षक प्रेमलता पूरी एवं स्वच्छता निरीक्षक जगदीश सिराव का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने भी आमजन से अपील की कि वे पॉलीथीन का उपयोग बंद कर कपड़े या जूट के थैलों का अधिक से अधिक उपयोग करें।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखने की बात कही। अंत में सभी ने मिलकर स्वच्छ और पॉलीथीन मुक्त हनुमानगढ़ बनाने का संकल्प लिया।
