
श्रीगंगानगर। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होते ही तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया है। श्रीगंगानगर जिले में भी गर्मी सताने लगी है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को दोपहर में लू जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को यहां न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री रहा, जबकि सोमवार को न्यूनतम 19.3 डिग्री और अधिकतम 38.7 डिग्री दर्ज हुआ था।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश भागों में अगले 4-5 दिन मौसम ड्राई बना रहेगा। इसी कारण तापमान में 2-3 डिग्री तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है। खासतौर पर 17-18 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री पहुंच सकता है। कहीं-कहीं हीटवेव की स्थिति भी बनने की आशंका जताई गई है।
वहीं, श्रीगंगानगर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी 18 अप्रैल को पारा 42 डिग्री के करीब पहुंचने की संभावना है, जिससे गर्मी और उमस बढ़ने के आसार हैं।
