
श्रीगंगानगर। जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र के गांव 2 IWM (खींचिया) में मंगलवार सुबह गेहूं की कटाई के दौरान फसल में आग लग गई। कम्बाइन मशीन से निकली चिंगारी ने अचानक आग का रूप ले लिया और किसान डूंगर राम के खेत में खड़ी 8 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
आग की सूचना मिलते ही रायसिंहनगर से फायर ब्रिगेड की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। फायरमैन सोनू रतन, हनुमान सिंह और ड्राइवर अमरजीत सिंह ने ग्रामीणों के साथ मिलकर 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान आस-पास के गांव वालों ने भी पानी और अन्य साधनों से आग बुझाने में मदद की।
किसान डूंगर राम इस घटना से बेहद सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि पूरी फसल कटाई के अंतिम चरण में थी और अचानक कम्बाइन मशीन से चिंगारी निकलते ही आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया।
