
श्रीगंगानगर। श्रीकरणपुर से कांग्रेस विधायक रुपिंदर सिंह कुन्नर को प्रशासन ने हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया है। वे 25 बीबी स्थित घर में मौजूद हैं। घर के बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात है।
इधर, घर के अंदर अंबेडकर जयंती का कार्यक्रम रखा गया। इसमें विधायक कुन्नर ने समर्थकों को संबोधित किया। कुन्नर ने इस कार्रवाई को ‘तानाशाही’ बताया।
दरअसल, श्रीगंगानगर-पदमपुर स्टेट हाईवे पर टोल वसूली के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन पिछले 42 दिन से जारी है। सोमवार को विधायक कुन्नर समर्थकों के साथ 18 बीबी टोल प्लाजा पहुंचे और धरने पर बैठ गए थे।
इसके बाद विधायक और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। देर रात को पुलिस ने कुन्नर और समर्थकों को हिरासत में ले लिया था, लेकिन कुछ समय बाद छोड़ दिया था।
वहीं, प्रशासन ने मंगलवार सुबह हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए टोल को फिर से शुरू करवा दिया। टोल प्लाजा पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।
अवैध टोल वसूली बंद करने की मांग को दबाने की कोशिश
विधायक कुन्नर की अपील पर मंगलवार सुबह 10 बजे बड़ी संख्या में किसान, कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग 25 बीबी स्थित उनके घर पर पहुंचे। वहां डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान आगामी आंदोलन की रणनीति बनाई गई। कुन्नर ने कहा कि अवैध टोल वसूली बंद करने की मांग को दबाने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, प्रशासन का कहना है कि हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए टोल वसूली जारी रखी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
