
हनुमानगढ़। भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अंबेडकर चौक पर मण्डल अध्यक्ष प्रकाश तंवर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा दीपोत्सव के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का मार्ग दिखाया, जो आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
मण्डल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करें। नगर मंडल महामंत्री प्रवीण सिंह परमार और मंडल उपाध्यक्ष केशव पाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहब के योगदान को अतुलनीय बताया।
डॉ. आदित्य चावला, नरेश पुरोहित, प्रशांत सोनी और दयावंती वर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया था, जिसके माध्यम से समाज में बदलाव संभव है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा को प्राथमिकता दें और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्ज्वलन कर वातावरण को श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत किया गया। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. भारत भूषण शर्मा, पूर्व उपसभापति नगीना बाई, पार्षद सुरेश धमीजा, पूर्व पार्षद लख्मीचंद बडगूजर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा कार्यक्रम संयोजक अर्जुन विमल, बूथ अध्यक्ष राजकुमार गोस्वामी, रोहित चावला, संतोष कुमार, सूरज कुमार, छोटेलाल, रूपा देवी, संतोष रानी, कृष्णा देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे बाबा साहब के आदर्शों पर चलते हुए समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करेंगे और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर एक समतामूलक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे।
