
हनुमानगढ़ ।जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने दो दिवसीय संयुक्त अभियान चलाया। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर करीब 9100 लीटर लाहन नष्ट किया गया। साथ ही 17 कच्ची भट्ठियों को भी तोड़ दिया गया और अवैध शराब बरामद कर दो मामले दर्ज किए गए।
आबकारी आयुक्त एवं जिला कलेक्टर के निर्देश पर यह अभियान उपायुक्त आबकारी निरोधक दल, जोन बीकानेर के नेतृत्व में संचालित हुआ। टीम ने जिले के गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट, मक्कासर, मक्कासर नहर, अमरपुरथेड़ी, सुरेशिया, चंदड़ा और नवां सहित कई अन्य क्षेत्रों में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार बड़ी मात्रा में लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त 46 पव्वे देशी शराब और लगभग 3 लीटर हथकढ़ शराब भी बरामद की गई। विभाग ने इस संबंध में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 28 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं, जो विभाग की सक्रियता को दर्शाता है।
