
हनुमानगढ़ । अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 2640 लीटर अवैध डीजल जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कस्बा नोहर में नाकाबंदी के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन (नंबर आरजे 49 जीबी 3431) को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 11 ड्रम और 4 जरिकनों में कुल 2640 लीटर अवैध डीजल भरा हुआ मिला।
मौके से ही मुकेश कुमार (32) निवासी भांगवा, थाना भिरानी, और भालाराम उर्फ सुरेंद्र (32) निवासी मुंसरी, थाना रावतसर को गिरफ्तार कर लिया गया। इन आरोपियों के खिलाफ नोहर पुलिस थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जांच एसआई पृथ्वी सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में डीएसटी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने साक्ष्य संकलन और गोपनीय सूचना उपलब्ध करवाई। पुलिस अब अवैध डीजल के स्रोत और इसके पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
