
श्रीगंगानगर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने RAS परीक्षा-2024 का अंतिम रिजल्ट शनिवार को जारी कर दिया। श्रीगंगानगर जिले के ग्रामीण क्षेत्र की बेटी शालू कस्वां ने पहले प्रयास में ही आरएएस परीक्षा क्लियर करते हुए 8वीं रैंक हासिल की है। वहीं, सूरतगढ़ क्षेत्र की ममता लिम्बा ने 27वीं रैंक और साहिल जुरासिया ने 93वीं रैंक हासिल की है।
बिना कोचिंग के RAS बनी
रायसिंहनगर क्षेत्र के गांव ततारसर (50 एनपी) की रहने वाली शालू कस्वां कला संकाय से स्नातक हैं। उनके पिता चेतराम कस्वां किसान हैं, जबकि मां कमलेश देवी गृहिणी। छोटे भाई पुनीत कस्वां भी पढ़ाई कर रहे हैं।
शालू ने बताया- स्नातक पूरा करने के बाद उन्होंने घर पर ही सेल्फ स्टडी शुरू कर दी। कोचिंग का सहारा लिए बिना, अनुशासित दिनचर्या और लगातार मेहनत से उन्होंने पहले ही अटेम्प्ट में यह मुकाम हासिल किया। रिजल्ट आने के बाद परिवार में जश्न का माहौल छा गया। माता-पिता ने बेटी को मिठाई खिलाई और ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।
ममता की 27वीं रैंक

सूरतगढ़ क्षेत्र की ममता लिम्बा ने 27वीं रैंक हासिल की है।
ममता लिम्बा वर्तमान में सीएडी सिंचाई विभाग में जूनियर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं और अपनी मेहनत व लगन से यह मुकाम हासिल किया है।सूरतगढ़ क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी का पल तब आया जब भगवानसर निवासी एवं वर्तमान में एलआईसी संगरिया में सीनियर ब्रांच मैनेजर पद पर कार्यरत श्री चेतराम लिम्बा की होनहार सुपुत्री कुमारी ममता लिम्बा ने आरएएस भर्ती 2024 के परिणाम में 27वीं रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज और सूरतगढ़ क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
जानकारी देते हुए श्री चेतराम लिम्बा ने बताया कि उनकी बेटी ममता का आरएएस परीक्षा में चयन होना परिवार के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है। ममता लिम्बा वर्तमान में सीएडी सिंचाई विभाग में जूनियर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं और अपनी मेहनत व लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
परिवार की अन्य संतानों की उपलब्धियां भी प्रेरणादायक हैं। ममता से छोटी बेटी रेडियोलॉजी में डिप्लोमा कर रही है, जबकि बेटा केरल से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। पूरे परिवार की शैक्षणिक उपलब्धियां समाज के लिए मिसाल बनी हुई हैं।
ममता लिम्बा के इस शानदार चयन पर कुम्हार समाज समिति के अध्यक्ष श्री नत्थूराम कवासिया सहित पूरी कार्यकारिणी ने हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
पुलिसकर्मी का बेटा बना आरएएस

सूरतगढ़ क्षेत्र के गांव सिद्धूवाला निवासी साहिल जुरासिया ने भी अपनी मेहनत से सभी को प्रभावित किया है। उनके पिता विनोद कुमार जुरासिया चूनावढ़ पुलिस थाने में एएसआई के पद पर तैनात हैं, जबकि मां रविना जुरासिया गृहिणी हैं।
साहिल ने घर पर रहते हुए रोजाना 10 से 12 घंटे की नियमित पढ़ाई की। लगातार प्रयासों के बाद तीसरे अटेम्प्ट में उन्होंने 93वीं रैंक हासिल की। साधारण परिवार से आने वाले साहिल की यह सफलता उनके परिश्रम और लगन की मिसाल है।
