
श्रीगंगानगर। जिले में एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर जारी है। जिसके असर से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और धूल भरी आंधी के साथ तेज हवाएं चल रही है। आगामी दो-तीन दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। हालांकि, 25 अप्रैल के बाद एक नया और अधिक एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा जिससे मौसम में बदलाव होगा और हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री व न्यूनतम 23.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, शनिवार को न्यूनतम 22.2 डिग्री और अधिकतम 40.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।
धूलभरी हवाओं से लोगों को दोपहर के समय लू जैसा एहसास हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जिले में कुछ दिनों तक गर्मी और धूलभरी हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। 25 अप्रैल के बाद नया विक्षोभ सक्रिय होने पर हल्की बारिश या आंधी की संभावना है।
