
श्रीगंगानगर। खेल प्रतिभाओं को निखारने तथा बालिकाओं व युवतियों की खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से काइनेटिक गोल्स स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा टांटिया यूनिवर्सिटी के खेल मैदान में आयोजित ‘महिला क्रिकेट लीग’ (डब्ल्यूसीएल) सीजन-2 के फाइनल मुकाबले में श्रीनाथ स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहाणी ब्लास्टर्स को 7 विकेट से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। लीग के फाउंडर व राजस्थान खिलाड़ी भैरा राम ने बताया कि श्रीनाथ स्ट्राइकर्स पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी तथा अजेय रहते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मैच में बिहाणी ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 146 रन बनाए, जवाब में श्रीनाथ स्ट्राइकर्स ने महज 17.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 148 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रुबिया सैयद को फाइनल में 61 रनों की मैच जिताऊ पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
समापन समारोह में विजेता व उपविजेता टीम को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आराधना बिष्ट को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ घोषित किया गया, जिन्हें सूर्या ई-बाइक्स की ओर से ‘तुनवाल रोमा-एस’ ई-बाइक पुरस्कार स्वरूप भेंट की गई। इसके अलावा पलक राणा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सुमन संधू को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, समीरा सहगल को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक, अनम राणा को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर तथा रीता कश्यप को इमर्जिंग प्लेयर के खिताब से पुरस्कृत किया गया।
लीग के संस्थापक व राजस्थान खिलाड़ी भैरा राम ने बताया कि टांटिया यूनिवर्सिटी की टाइटल स्पॉन्सरशिप व एआरजी रिजॉर्ट के सहयोग से आयोजित इस 8 दिवसीय ऑल इंडिया टूर्नामेंट में दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड तथा उत्तर प्रदेश सहित कुल 10 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।
लीग के चेयरमैन सुमित गोदारा ने टांटिया यूनिवर्सिटी के वाइस चेयरमैन मोहित टांटिया का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना अंतरराष्ट्रीय मानकों (इंटरनेशनल प्रोटोकॉल) पर आधारित इन डे-नाइट मुकाबलों का सफल आयोजन संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि इंडिया-ए तथा डब्लूपीएल स्तर की खिलाडिय़ों की भागीदारी से स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतरीन अनुभव प्राप्त हुआ।
आयोजन समिति के सदस्य गौरव वर्मा, एडवोकेट विक्रमजीत नंदा, सिद्धार्थ घोरेला तथा सौरभ दुहारिया ने आरके फाउंडेशन एवं श्रीमती चंद्रकला चांडक चैरिटेबल ट्रस्ट सहित सभी स्पॉन्सर्स का धन्यवाद ज्ञापित किया। अतिथियों ने इस आयोजन को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया। पहली बार आयोजित हुए इन डे-नाइट मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा गया, जिससे क्षेत्र में महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयां मिली हैं। इस अवसर पर अनेक खेल प्रेमी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
