
हनुमानगढ़। जिले में आरएसबीसीएल (RSBCL) डिपो पर श्रमिकों की कमी के कारण मदिरा स्टॉक के उठाव में आ रही गंभीर समस्याओं को लेकर राजस्थान शराब संघ ने जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप तिवाड़ी ने बताया कि श्रमिकों के अभाव के चलते व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे न केवल उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है बल्कि सरकार के राजस्व पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
संघ के सदस्य गुरदीप बराड बब्बी ने बताया कि हनुमानगढ़ डिपो पर वर्तमान में पर्याप्त संख्या में श्रमिक उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण माल की लोडिंग और अनलोडिंग में अत्यधिक विलंब हो रहा है। इस स्थिति के चलते अनुज्ञप्तिधारियों को कई-कई घंटों तक डिपो पर इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनका समय और संसाधन दोनों व्यर्थ हो रहे हैं। कई बार तो व्यापारियों को बिना स्टॉक उठाए ही वापस लौटना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि समय पर स्टॉक उठाव नहीं होने के कारण दुकानों पर मदिरा की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। इससे ग्राहकों को असुविधा हो रही है और व्यापारियों की बिक्री पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संघ का कहना है कि यदि यह स्थिति लगातार बनी रही तो इसका सीधा असर राज्य सरकार के राजस्व पर भी पड़ेगा।
संघ ने यह भी मांग की है कि वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए श्रमिकों की कमी के कारण स्टॉक नहीं उठा पाने वाले अनुज्ञप्तिधारियों पर किसी प्रकार की पेनल्टी या जुर्माना नहीं लगाया जाए। व्यापारियों का कहना है कि यह समस्या उनके नियंत्रण से बाहर है, इसलिए उन्हें इसके लिए दंडित करना उचित नहीं होगा।
राजस्थान शराब संघ के पदाधिकारियों ने जिला आबकारी अधिकारी से आग्रह किया है कि हनुमानगढ़ डिपो पर तत्काल प्रभाव से पर्याप्त श्रमिकों की व्यवस्था की जाए, ताकि माल उठाव की प्रक्रिया सुचारु और समयबद्ध तरीके से संचालित हो सके। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान भी सुनिश्चित किया जाए।
ज्ञापन देने वाले भुपेन्द्र सिंह सुंडा,गुरदीप सिंह बब्बी,प्रदीप तिवाड़ी,पीटू सहारण, अकुंर गोदारा,राधा सिंह खोसा सहित अन्य उपस्थित थे ।
