
श्रीगंगानगर ।लेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग का काम करने वाले एक मैकेनिक से लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है।
मैकेनिक ने कूलर फैक्ट्री के मालिक पर धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए हैं।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
लॉकडाउन के बाद खरीदे थे कूलर
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट, श्रीगंगानगर में दी शिकायत में प्रभु दयाल (28) निवासी ताखरांवाली, श्रीगंगानगर ने बताया कि उसकी गांव ताखरांवाली में इलेक्ट्रॉनिक सामान की रिपेयरिंग की दुकान है। जहां पर वह कूलर, पंखे व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रिपेयरिंग करने का काम करता है। उसने लॉकडाउन के बाद अपना काम दोबारा शुरू करने के लिए आरोपी सौरभ आहुजा निवासी विनोबा बस्ती, श्रीगंगानगर से 20 कूलर खरीदे थे।
सौरव आहूजा की कूलर की फैक्ट्री है। कूलर खरीदते समय प्रभु दयाल ने कूलरों के पैसे नगद दे दिए थे और 25 हजार और 24 हजार रुपए के दो चेक दिए गए थे। साथ ही यह भी तय हुआ था कि यदि कूलर में कोई खराबी आती है तो उसकी जिम्मेदारी फैक्ट्री मालिक की होगी।
कुछ समय बाद खराब हुए
कुछ समय बाद कई कूलर खराब हो गए। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने उन्हें बदलने की मांग की, लेकिन आरोपी ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। आरोपी ने इस विवाद के चलते चेक में कूटरचना करते हुए 25 हजार की जगह 6 लाख 25 हजार रुपए भर दिए और उसे कोर्ट में लगा दिया। वहीं, दूसरे 24 हजार रुपए के चेक को भी कथित रूप से 2 लाख 24 हजार रुपए का बनाकर एक अन्य व्यक्ति के नाम से बैंक में लगा दिया गया। जबकि वह (प्रभु दयाल) उस व्यक्ति को जानता तक नहीं है।
प्रभुदयाल को इस पूरे मामले की जानकारी तब हुई जब उसे कोर्ट से नोटिस मिला। जिसके बाद उसने आरोपी से संपर्क किया तो आरोपी ने कहा कि फर्जी चेक लगाकर पैसे वसूलने के लिए ही यह सब किया गया है। इसके बाद परिवादी ने पुलिस थाना कोतवाली और एसपी को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद कोर्ट के माध्यम से इस्तगासा पेश किया। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
