
श्रीगंगानगर। जिले में तेज गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। गर्म हवाओं के साथ धूलभरी आंधियां चलने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है और सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया।
वहीं, नहर बंदी के कारण जिले के ग्रामीण इलाकों में पानी की किल्लत बढ़ गई है। वाटर वर्क्स की डिग्गियों में पानी का स्टोरेज पूरी तरह खत्म हो चुका है। जलदाय विभाग की कई डिग्गियां सूख गई हैं, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
मौसम विभाग ने 22 और 23 अप्रैल को जिले में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इन दो दिनों में धूलभरी आंधियों के साथ तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे गर्मी और भी बढ़ेगी।
मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री और अधिकतम 40.4 डिग्री रहा, जबकि रविवार को न्यूनतम 23.1 डिग्री और अधिकतम 39.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
