
हनुमानगढ़। गोलूवाला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। परिजनों ने कार ड्राइवर पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 9:30 बजे फतेवाली ढाणी निवासी राजीव सिंह (40) और पृथ्वीराज (35) अपनी बाइक पर गांव लौट रहे थे। गोलूवाला क्षेत्र में भगत सिंह कॉलेज के सामने केंचिया की ओर से आ रही एक कार (नंबर पीबी 03 एसी 8157) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से राजकीय अस्पताल गोलूवाला पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद राजीव सिंह को मृत घोषित कर दिया। पृथ्वीराज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन बीकानेर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों के परिजनों ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि कार चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गोलूवाला मंडी में एसी रिपेयरिंग का काम करते थे। वे देर रात काम खत्म कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
