
हनुमानगढ़। कृषि उपज मंडी डबली राठान में बुधवार सुबह एक व्यापारी पर असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मंडी बंद रखकर अपनी दुकानों की चाबियां कृषि उपज मंडी समिति सचिव को चांबियां सौपकर मंडी समिति के सामने धरना लगाकर विरोध किया। व्यापारी पर हुए हमले के विरोध में आज डबली बाजार में बंद रहा।
व्यापारियों ने व्यापारी एकता जिन्दाबाद के नारों के साथ विरोध दर्ज किया। धरने पर सदन थानाधिकारी मौके पर पहुचे जिन्हे व्यापारियों ने दोषियों पर सख्त कार्यवाही की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि महावीर प्रसाद मोठसरा, जो कृषि उपज मंडी में दुकान नंबर 3 का संचालन करते हैं। सुबह करीब 8 बजे वह अपनी दुकान के बाहर मौजूद थे और धरने पर आकर बैठे, इसी दौरान सद्दाम हुसैन, काकाखां, सद्दीकखां, गुरदेव सिंह सहित आठ-दस अन्य व्यक्तियों ने एक राय होकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
उन्होने आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने उन्हें सड़क पर गिराकर बुरी तरह मारपीट की, जिससे उनके हाथ, पैर और आंखों पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान जब उन्होंने शोर मचाया, तो पास में मौजूद व्यापारी अजय जगा और रामकुमार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। बताया जा रहा है कि जाते समय आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध होने की बात कही गई है।
घटना के पीछे पिछले तीन दिनों से चल रहा व्यापारियों और ट्रैक्टर-ट्रॉली यूनियन के बीच विवाद बताया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि जब पूरे जिले में लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य ट्रकों के माध्यम से होता है, तो डबली मंडी में ही ट्रैक्टर-ट्रॉली से यह कार्य क्यों किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से होने वाली तौल में धर्मकांटे पर 15 से 20 क्विंटल तक का घोटाला होता है, जिससे व्यापारियों और किसानों दोनों को नुकसान उठाना पड़ता है।
इसी विवाद के चलते बुधवार को डबली मंडी में व्यापारियों द्वारा बंद रखकर धरना दिया जा रहा था। बताया जा रहा है कि सुबह धरना शुरू होने के दौरान ही महावीर प्रसाद मोठसरा का कुछ मजदूरों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान मजदूरों ने उन्हें अकेला पाकर मारपीट की।
घटना के बाद व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए, अन्यथा मंडी को अनिश्चितकाल के लिए बंद रखा जाएगा।
व्यापारियों ने यह भी कहा कि मंडी में लंबे समय से चल रहे विवादों का समाधान प्रशासन द्वारा जल्द किया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल गुम्बर, प्रेम गोयल, लेखराज गिरधर, राजेश सिडाना, राकेश चिलाना, मोहित मिड्ढ़ा, महावीर मोठसरा, लवली कम्बोज, लक्की जग्गा, बृजलाल चुघ, मनदीप नारंग, गगन नारंग, प्यारेलाल गोयल सहित अन्य व्यापारी मौजूद थे।
