
हनुमानगढ़। शिक्षा मंत्री जी के हनुमानगढ़ आगमन के दौरान राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक संघ (रेस्टा) हनुमानगढ़ जिला अध्यक्ष श्री गोपाल शर्मा तथा जिला उपाध्यक्ष शिव प्रकाश बिश्नोई के नेतृत्व में वरिष्ठ अध्यापक से व्याख्याता लंबित पदोन्नति हेतु आभार अभिनंदन पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने शिक्षा मंत्री जी को गत तीन सत्र की लंबित वरिष्ठ अध्यापक से व्याख्याता डीसी हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया तथा शीघ्र ही रिव्यू डीपीसी तथा आगामी सत्र की डीपीसी हेतु आग्रह किया| इस मौके पर संगठन उपाध्यक्ष शिव प्रकाश बिश्नोई ने मंत्री महोदय को 1 अप्रैल से नवीन सत्र प्रारंभ करने के नवाचार करने पर आभार व्यक्त किया|
जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ अध्यापकों की सत्र 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 की डीपीसी करवाने के लिए आभार व्यक्त किया गया किन्तु विभागीय स्तर पर डीपीसी के दौरान रही विभिन्न त्रुटियों के निराकरण एवं अन्य महत्वपूर्ण मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा
ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि वरिष्ठ अध्यापक भर्ती वर्ष 2011 से आरपीएससी द्वारा राज्य स्तरीय भर्ती प्रक्रिया लागू होने के बाद अंतरमंडल स्थानांतरण पर संपूर्ण वरिष्ठता समाप्त नहीं की जाए, बल्कि संबंधित भर्ती/चयन वर्ष में ही कनिष्ठ माना जाए, जैसा कि अन्य विभागों में होता है। मंडल परिवर्तन संबंधी पुराने नियमों में आवश्यक संशोधन किया जाए।
संघ ने नवक्रमोन्नत सीनियर सेकेंडरी विद्यालयों में व्याख्याता के समस्त पद शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की, ताकि विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञ अध्यापक उपलब्ध हो सकें और उनकी पढ़ाई बाधित न हो। साथ ही अनिवार्य विषय हिन्दी एवं अंग्रेजी में नामांकन के अनुसार अतिरिक्त पद सृजित किए जाने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में प्रधानाचार्य अधिकृत अवकाश को पुनः दो दिन करने, ग्रीष्मकालीन अवकाश 17 मई से 30 जून तक तथा शीतकालीन अवकाश 16 दिसंबर से 10 जनवरी तक निर्धारित करने की मांग भी की गई। इस अवसर पर संगठन के जिला कार्यकारिणी हनुमानगढ़ के पदाधिकारी भी मौजूद रहे|
