
हनुमानगढ़। अग्रवाल समाज समिति द्वारा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की जा रही है। महाराजा अग्रसेन पार्क परिसर में संचालित आरोग्य भवन में 26 अप्रैल 2026 (रविवार) से प्रतिदिन नि:शुल्क योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। यह योग शिविर रोजाना प्रातः 6:30 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें आमजन भाग लेकर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकेंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन रविवार को विधायक श्री गणेशराज बंसल द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदी लाल मीना, नगरपरिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव, आयुर्वेद उपनिदेशक डॉ. तीर्थराज शर्मा तथा चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद बंसल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
योग शिविर का संचालन अनुभवी योग विशेषज्ञ डॉ. दुर्गा स्वामी (BNYS, M.Sc. योग) के निर्देशन में किया जाएगा, जबकि श्री संदीप कुमार (M.A. योग) द्वारा योगाभ्यास करवाया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि शिविर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे सभी प्रतिभागी सहजता से योग कर सकें।
इसके अलावा, इच्छुक व्यक्तियों के लिए प्रातः 7:30 बजे से 8:30 बजे तक विशेष यौगिक क्रियाओं का सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य सुधार से जुड़ी उन्नत तकनीकों का अभ्यास कराया जाएगा।
समिति अध्यक्ष इंजीनियर सुभाष बंसल ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही स्वस्थ और खुशहाल समाज का निर्माण संभव है।
उक्त आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष इंजीनियर सुभाष बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रविन्द्र गर्ग, उपाध्यक्ष अनिल बंसल, सचिव तरसेम जिंदल, उपसचिव महावीर बंसल, कोषाध्यक्ष आशीष गोयल, प्रचार सचिव मुकेश मित्तल, संगठन सचिव सुरेश मित्तल, विधि सचिव दिनेश गुप्ता, सदस्य सुभाष मित्तल, सुदेश गोयल जूटे हुए है।
