
श्रीगंगानगर।गौमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए आज श्रीगंगानगर में भी हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। प्राचीन शिवालय से सुबह 10:30 बजे शुरू हुई गौमाता सम्मान जागरण यात्रा उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। गौरक्षा दल नरसिंहपुरा बारानी के संयोजक मैसी चौधरी ने बताया कि ब्रह्मचारी कल्याण स्वरूप महाराज, महंत मेवादास महाराज और महंत मेवा दास महाराज के नेतृत्व में 30 हजार से अधिक हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन जिला उपखंड अधिकारी नयन गौतम को सौंपा गया। यह ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राजस्थान के राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित था।
नरसिंहपुर बारानी और मांझूवास गांव से बड़ी संख्या में इस जागरण यात्रा में शामिल होने आए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को अलग से ज्ञापन दिया, जिसमें नगर परिषद द्वारा हाल ही नरसिंहपुर बारनी के पास है,जिस 13 बीघा भूमि में ठोस कचरा प्रबंधन संयंत्र लगाया जाना प्रस्तावित किया गया है,उस जगह पशु चिकित्सालय खोले जाने की मांग की है।ज्ञापन में बताया गया है कि इन दोनों गांवों सहित आसपास के अनेक गांवों में लोग पशुपालन का काम भी खेती-बाड़ी के साथ करते हैं। नरसिंहपुरा में महर्षि गौतम गौशाला है, जिसमें बड़ी संख्या में पशुधन है। पशुओं के लिए एक मोबाइल वन सेवा भी चलाई जा रही है। लिहाजा पशुओं को रेस्क्यू करने के लिए उक्त जगह पर पशु चिकित्सालय जाना उचित रहेगा। ग्रामीणों में मुख्य रूप से गौ रक्षा दल के युवाओ में मैसी चौधरी , सचिन,गौरीशंकर रेवाड़,योगेश, अनिल सहारण, जेपी माँझू,अनिल माँझू ,विक्रम भाम्भू साहिल रिंनवा आदि शामिल रहे।
गौ माता जन जागरण अभियान के प्रधान संरक्षक गौमाता आद्यशक्ति मां सुरभि तथा अध्यक्ष नंदी बाबा नीलमणि वृषभदेव के आशीर्वाद से आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय परंपरा के सभी आराध्य देवी-देवता, आचार्य, मूर्धन्य संत, महापुरुष, गो संत, गो भक्त, गोरक्षक, गो सेवक, गो पालक, गो पुत्र, गो वत्स और गो प्रेमी जनों का सामूहिक समर्थन प्राप्त हुआ।
ब्रह्मचारी कल्याण स्वरूप महाराज ने उपखंड अधिकारी नयन गौतम को अवगत कराते हुए बताया कि यह अभियान पूर्णतः संवैधानिक दायरे में रहकर अहिंसक तरीके से चलाया जा रहा है। केंद्र सरकार और देश की सभी राज्य सरकारों से गौमाता को सेवा, सुरक्षा और सम्मान का मौलिक अधिकार प्रदान करने की मांग की गई है। इसमें गौमाता को उचित अनुदान मिलना, पूरे भारत में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगना और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की प्रमुख मांगें शामिल हैं।
श्री चौधरी ने बताया कि यह अभियान आज पूरे भारत में एक साथ 5 हजार से अधिक तहसीलों पर चल रहा है। अगले तीन महीने तक केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों की समीक्षा की जाएगी। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो अभियान का दूसरा चरण जिला मुख्यालय पर जिला कलेक्टर के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।
श्रीगंगानगर में आज यात्रा और हस्ताक्षर अभियान में युवाओं, महिलाओं तथा समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी संतों ने गौमाता और नंदी बाबा की ओर से सभी गो प्रेमियों, आयोजकों और सहयोगियों का विशेष अभिनंदन किया।
