
हनुमानगढ़। शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस पर सोमवार को विभिन्न संगठनों ने श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की। इन कार्यक्रमों में वक्ताओं ने युवाओं से शहीदों के विचारों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जंक्शन स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर सीटू (CITU) ने एक कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें बहादुर सिंह चौहान और शेर सिंह शाक्य सहित अन्य लोगों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने 23 मार्च को भारतीय इतिहास का गौरवपूर्ण दिन बताया, जब इन तीनों क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे।
SFI ने भी दी श्रद्धांजलि वहीं टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय में स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई, जिसके बाद 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान ‘शहीदों अमर रहो’ के नारे लगाए गए।
एसएफआई के तहसील अध्यक्ष मोहित कुमार ने कहा कि शहीदों का बलिदान देश के इतिहास में अमिट है। उन्होंने वर्तमान पीढ़ी से उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। मोहित कुमार ने युवाओं से शिक्षा, सामाजिक एकता और नशे से दूर रहकर देश को मजबूत बनाने की अपील की। कार्यक्रम में महेंद्र कारगवाल, योगेश, किरण और जयपाल सहित कई लोग मौजूद रहे।
