
हनुमानगढ़ । डबलीराठान में ग्रामीणों ने घरेलू बिजली कनेक्शन में देरी और खराब मीटरों को लेकर सोमवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता (ग्रामीण) कार्यालय पर धरना दिया। यह प्रदर्शन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और जनवादी नौजवान सभा के बैनर तले आयोजित किया गया।
ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे पहले अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) कार्यालय गए थे। अधिकारी के नहीं मिलने पर वे आक्रोशित हो गए और माकपा नेता रघुवीर वर्मा के नेतृत्व में सहायक अभियंता (एईएन) के चैंबर में ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने वहां नारेबाजी भी की। करीब एक घंटे बाद एईएन के मौके पर पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने अपनी शिकायतें उनके सामने रखीं।
‘खराब बिजली मीटर नहीं बदले जा रहे’ जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) के तहसील अध्यक्ष वेद मक्कासर ने बताया कि ग्रामीणों ने 3 महीने पहले ही घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए निर्धारित शुल्क जमा करा दिया था, लेकिन उन्हें अब तक कनेक्शन नहीं मिले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कई उपभोक्ताओं के बिजली मीटर खराब पड़े हैं, जिन्हें बदला नहीं जा रहा है। इसके कारण उपभोक्ताओं को अनुमानित रीडिंग के आधार पर भारी-भरकम बिजली बिल दिए जा रहे हैं।
बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी उनके फोन कॉल भी नहीं उठाते, जिससे आमजन की परेशानियां और बढ़ रही हैं। उन्होंने विभाग से तत्काल खराब मीटर बदलने और लंबित बिजली कनेक्शन जारी करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर एक बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
