
श्रीगंगानगर। जिले के रायसिंहनगर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने क्षेत्रीय वन अधिकारी (RFO) को 40 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वन अधिकारी ने एनओसी देने की एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत ली थी।
रायसिंहनगर में क्षेत्रीय वन अधिकारी कार्यालय के बाहर बैठी एसीबी की टीम।
रिश्वत नहीं तो फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की धमकी
एसीबी ने बताया- शिकायतकर्ता की फर्म को रायसिंहनगर रेंज के तहत आने वाली 2 अलग-अलग माइनर नहरों से पेड़ों के ठूंठ निकालने का ठेका मिला था। काम पूरा होने पर वन अधिकारी (RFO) को फर्म के लिए एनओसी जारी करनी थी।
आरोपी वन अधिकारी अशोक सिंह ने एनओसी जारी करने की एवज में फर्म से 1 लाख रुपए की रिश्वत की मांग कर दी। रिश्वत नहीं देने पर फर्म को ब्लैकलिस्ट करने और एनओसी जारी नहीं करने की भी धमकी दी।
एसीबी ने की ट्रैप कार्रवाई
मामला एसीबी के पास आया तो अति. पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र कुमार और ब्यूरो स्टाफ ने ट्रैप कार्यवाही की।
सोमवार शाम को आरोपी क्षेत्रीय वन अधिकारी अशोक सिंह को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया। इसके बाद एसीबी टीम ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत की राशि जब्त कर ली।
फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी का रिकॉर्ड खंगाल रही है।
