
श्रीगंगानगर। किसानों और टोल हटाओ संघर्ष समिति की ओर से चल रहे धरने में टोल हटाने का ऐलान कर दिया है। इसे लेकर सोमवार को बुलाई महापंचायत में ऐलान किया गया कि टोल को उखाड़कर फेंक दिया जाएगा।
इधर, जैसे ही महापंचायत में इसका ऐलान हुआ मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया। वहीं प्रदर्शनकारियों से समझाइश का दौर चल रहा है।
दरअसल, जिले के पदमपुर क्षेत्र में 18 बीबी और 9 ए टोल प्लाजा के खिलाफ किसानों और टोल हटाओ संघर्ष समिति का आंदोलन 18 दिन से जारी है।
टोल प्लाजा पर लोगों से समझाइश करती हुई पुलिस।
किसान संगठन के पदाधिकारी बोले-टाइमलाइन के बाद भी टोल वसूली
किसान संगठनों का कहना है कि 18 बीबी टोल नाका पिछले 14 साल से चल रहा है, जिसकी वजह से क्षेत्र के आम नागरिकों और किसानों को आर्थिक रूप से भारी नुकसान हो रहा है। टोल की निर्धारित अवधि खत्म हो चुकी है, लेकिन वसूली जारी है। इसी मुद्दे पर टोल हटाओ संघर्ष समिति ने महापंचायत बुलाई और ऐलान किया कि अब टोल प्लाजा को पूरी तरह हटाया जाएगा।
दोपहर 2 बजे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्ता होगी। लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। तहसीलदार जितेंद्र सिंह समेत पुलिस का भारी जाब्ता टोल नाके पर डेरा डाले हुए है। किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते श्रीगंगानगर-पदमपुर स्टेट हाईवे भी प्रभावित हो रहा है और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
