
हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने एक युवक को पाकिस्तानी आतंकी से सोशल मीडिया पर संपर्क करने के आरोप में हिरासत में लिया है। युवक की पहचान किशनपुरा दिखनादा निवासी जसवंत कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई ने जसवंत कुमार उर्फ सोनू और पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है।
आतंकी से 2 बार संपर्क किया प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क साधने का प्रयास कर रहा था। पुलिस के अनुसार, जसवंत कुमार ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से आतंकी शहजाद भट्टी की आईडी पर 2 बार संपर्क किया। उसने चैट में अपना मोबाइल नंबर भेजते हुए लिखा था, “भाई कॉन्टेक्ट करो, मुझे जरूरी काम है।”
हथियारों की फोटो-वीडियो भी शेयर की इसके अलावा आरोपी ने आतंकी शहजाद भट्टी की आईडी पर पोस्ट किए गए हथियारों और अन्य आपत्तिजनक वीडियो-फोटो को अपनी इंस्टाग्राम आईडी से सार्वजनिक रूप से साझा भी किया। इन वीडियो में हथियार लोड करने और एके-47 जैसी राइफल से फायरिंग के दृश्य शामिल थे। पुलिस ने इन गतिविधियों को संदिग्ध और गंभीर प्रकृति का बताया है।
आरोपी युवक हिरासत में, जांच जारी सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जसवंत कुमार को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के मकसद और किसी बड़े नेटवर्क से उसके संभावित संबंधों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मामले की जांच एसआई मोहर सिंह को सौंपी गई है, जो तकनीकी पहलुओं और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं। थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई ने यह भी स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
