
हनुमानगढ़ । शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। सदर थाना पुलिस ने इस मामले में 2 महिलाओं पूजा रानी (44) और निशा (22) को गिरफ्तार किया है। ये दोनों हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया कस्बे की निवासी हैं। आरोप है कि इन महिलाओं ने सुनियोजित तरीके से एक युवक को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठे और बाद में नकदी व जेवर लेकर फरार हो गईं।
पक्का सारणा निवासी संतराम ने सदर थाना में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। संतराम ने बताया कि 28 जनवरी को उसकी मुलाकात कुरशेदा नामक महिला से हुई थी। कुरशेदा ने उसे शादी करवाने का भरोसा दिलाया और बताया कि उसका परिचित सूरजपाल रिश्ते करवाता है।
शादी के बाद कुछ दिन रही थी साथ कुरशेदा ने संतराम की शादी एक लड़की से करवाने के लिए 1 लाख 50 हजार रुपए की मांग की थी। अगले दिन सूरजपाल और पूजा रानी एक युवती को लेकर आए और संतराम की उससे शादी करवा दी गई। आरोपियों ने इस दौरान संतराम से नकद और अन्य माध्यमों से करीब 1 लाख 27 हजार रुपए ले लिए। शादी के बाद युवती ने अपना नाम खुशप्रीत बताया और कुछ दिनों तक युवक के घर में रही।
10 फरवरी की रात हो गई फरार पीड़ित संतराम के अनुसार 10 फरवरी की रात युवती घर से 17 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषण और एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गई। अगले दिन घटना का पता चलने पर संतराम ने पुलिस में मामला दर्ज कराया। मामले की जांच के दौरान, पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पूजा रानी और निशा को हरियाणा के सिरसा जिले के गांव चोरमार खेड़ा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
