
हनुमानगढ़। जंक्शन थाना क्षेत्र में 59 लाख रुपए की धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित एसपीएल एडेटिव के डायरेक्टर शिवशंकर खड़गावत ने अहमदाबाद के 2 कारोबारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार एसपीएल एडेटिव कंपनी हाइड्राजीन हाईड्रेट केमिकल का उत्पादन और व्यापार करती है। कंपनी के डायरेक्टर शिवशंकर खड़गावत ने बताया कि अहमदाबाद निवासी पंकज माफतलाल धनवाड़िया और गौतम माफतलाल धनवाड़िया उनकी कंपनी से लंबे समय से केमिकल खरीदते थे। आरोप है कि 23 सितंबर 2025 को आरोपियों ने बिल के जरिए कंपनी से करीब 59 लाख रुपए का केमिकल उधार लिया। उन्होंने इस माल को गुजरात की एक अन्य कंपनी को बेच दिया। उस कंपनी ने आरोपियों को भुगतान भी कर दिया, लेकिन आरोपियों ने यह राशि शिकायतकर्ता की कंपनी को नहीं दी।
आरोपियों का दिया चेक 2 बार हुआ बाउंस बाद में, आरोपियों ने 30 दिसंबर 2025 को 59 लाख रुपए का एक चेक दिया। जब कंपनी ने इस चेक को बैंक में प्रस्तुत किया, तो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण वह बाउंस हो गया। शिकायतकर्ता ने कई बार आरोपियों से संपर्क कर भुगतान की मांग की, लेकिन उन्होंने टालमटोल किया। दोबारा चेक लगाने पर भी वह बाउंस हो गया।
भुगतान करने से किया इनकार परिवादी का आरोप है कि अंत में आरोपियों ने साफ तौर पर भुगतान करने से इनकार कर दिया और जानबूझकर खाते में राशि जमा नहीं करवाने की बात कही। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह पूरा घटनाक्रम 30 दिसंबर 2025 से 16 मार्च 2026 के बीच का बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
