
श्रीगंगानगर। श्रीरामनवमी महोत्सव समिति और विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को रामनवमी पर श्रीगंगानगर में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ सुखाड़िया सर्किल स्थित गोशाला से रवाना हुई और शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। जहां जगह-जगह पुष्प वर्षा के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
251 बजरंगी शामिल हुए
इस दौरान शहरवासियों ने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को फ्रूट्स व पेय पदार्थ दिए और प्रसाद भी बांटा गया। शोभायात्रा में 2100 महिलाएं कलश धारण कर शामिल हुईं और 1100 श्रद्धालु हाथों में धर्म ध्वजा थामकर चले। इसके साथ ही 251 बजरंगी भी त्रिशूल लेकर यात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में 100 से अधिक झांकियां भी सजाई गईं, जिनमें नवदुर्गा की विशेष झांकी भी शामिल थी।
16 हजार फीट कपड़े की फर्रियां
शोभायात्रा के आगे-आगे घोड़ों पर सवार होकर नारी शक्ति युवतियां चल रही थीं, जिन्होंने शक्ति प्रदर्शन किया। इसके साथ ही विभिन्न अखाड़े और भजन मंडलियां भी शोभायात्रा में शामिल हुईं। रामनवमी पर गोशाला को भी भगवा फर्रियों और ध्वजाओं से सजाया गया है। मंदिरों और चौराहों पर भी भव्य सजावट की गई। सिमिति की ओर से पहली बार 16 हजार फीट लंबे विशेष कपड़े से फर्रियां तैयार गई। साथ ही 800 से ज्यादा विशाल ध्वजाएं लगाई गई।
