
श्रीगंगानगर । श्रीगंगानगर से मध्य प्रदेश के इंदौर (लक्ष्मीबाई नगर) के बीच यात्रा करने वालों को अब सीधी और सुविधाजनक ट्रेन मिलने जा रही है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने 2 अप्रैल से साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू करने का फैसला लिया है।
जेडआरयूसीसी के पूर्व सदस्य भीम शर्मा ने बताया- यह ट्रेन फिलहाल 15 सप्ताह तक चलेगी। अगर इन फेरों में अच्छा यात्रीभार मिला तो रेलवे इसे आगे बढ़ा सकती है या स्थायी रूप दे सकती है।
ये रहेगा ट्रेन का शेड्यूल और रूट
- गाड़ी संख्या 04735 (श्रीगंगानगर से लक्ष्मीबाई नगर) हर गुरुवार दोपहर 12.50 बजे श्रीगंगानगर से रवाना होगी।
- हनुमानगढ़, सादुलपुर, चूरू, रिंगस, फुलेरा, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, नीमच, मंदसौर, रतलाम, फतेहाबाद स्टेशन पर होगा ठहराव।
- अगले दिन यानी शुक्रवार सुबह 9.55 बजे लक्ष्मीबाई नगर (इंदौर) पहुंचेगी।
- वापसी गाड़ी संख्या 04736 (लक्ष्मीबाई नगर से श्रीगंगानगर) शुक्रवार दोपहर 1.55 बजे इंदौर से रवाना होकर शनिवार दोपहर 12.20 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी।
ट्रेन में कोचों की सुविधा
ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। जिनमें 1 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 11 स्लीपर, 4 जनरल, 2 एसएलआर कोच होंगे। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह मिश्रित श्रेणी की ट्रेन तैयार की गई है। बुकिंग पहले से ही शुरू हो चुकी है।
श्रीगंगानगर और आस-पास के इलाकों के लोगों के लिए इंदौर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर जैसे मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। खासकर धार्मिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को फायदा होगा।
