
हनुमानगढ़। पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन (चिट्टा), अवैध अफीम और ट्रामाडोल टैबलेट बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देश पर यह कार्रवाई भादरा, खुइयां और हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर अंजाम दी।
पहली कार्रवाई भादरा थाना क्षेत्र में हुई। गश्त के दौरान पुलिस ने पचारवाली निवासी नीरजपाल उर्फ सोनू (28) को 3.02 ग्राम हेरोइन, 150 ट्रामाडोल टैबलेट और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरी कार्रवाई खुइयां थाना पुलिस ने की। पुलिस ने जबरासर निवासी विनोद कुमार (25) और नोहर निवासी साजिद उर्फ कालू (24) को 6 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। दोनों के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
तीसरी कार्रवाई हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र में हुई। गश्त के दौरान बेमाली, तहसील मांडल, जिला भीलवाड़ा निवासी रामसिंह (59) को 542 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है। प्रारंभिक पूछताछ में नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी मीणा ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा और अन्य अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने पुलिस टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने यह भी कहा कि नशे के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए विशेष रणनीति पर काम किया जा रहा है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी
