
श्रीगंगानगर। शुक्रवार की रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बाइक पर पंजाब की तरफ से आ रहे बदमाश ने पुलिस पर 3 राउंड फायरिंग की तो जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। यह गोली बदमाश के पैर पर लगी और आरपार हो गई, जिससे वह गंभीर घायल होकर गिर पड़ा।
घटना जिले में साधुवाली चेक पोस्ट पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे हुई। फिलहाल घायल आरोपी का सरकारी हॉस्पिटल में इलाज जारी है। आरोपी के तार गैंगस्टर्स से जुड़े होने की आशंका है। मामले में फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
पंजाब की तरफ से बाइक लेकर आ रहा था श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर ने बताया कि जिले में गैंगस्टर्स के वारदात करने का इनपुट मिला था। इसके तहत जिले में कई जगहों पर नाकाबंदी की गई है।
यह घटना साधुवाली चेक पोस्ट पर हुई है। शाम को एक युवक पंजाब की तरफ से बिना नंबर की बाइक पर आ रहा था। पुलिस ने बाइक रुकवाने की कोशिश की तो आरोपी ने बाइक की रफ्तार तेज कर दी।
पुलिस ने आरोपी का पीछा किया तो बदमाश ने पुलिस पर 3 राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी को पैर में गोली लगी और वह गंभीर घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
आरोपी के पास से एक पिस्टल बरामद हुई है। आरोपी के तार गैंगस्टर से जुड़े होने की आशंका है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार- आरोपी आकाश (32) पुत्र मुन्नालाल यूपी के आगरा का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस इन्वेस्टिगेशन कर रही है। वह पंजाब की तरफ से कहां से आ रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस की टीम में जवाहरनगर थानाधिकारी देवेंद्र राठौड़, मीरा चौकी प्रभारी नरेश कुमार, हैड कॉन्स्टेबल हरदेव, कॉन्स्टेबल अग्रेसन, भरत, ओमप्रकाश और विरेंद्र गोदारा शामिल रहे।
