
हनुमानगढ़। गोलूवाला क्षेत्र के गांव 3 एचडीपी के आबादी क्षेत्र में एक गैरेज में लगी आग के मामले में गोलूवाला थाना में केस दर्ज किया गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रवर्तन निरीक्षक मनीष सिंगला की शिकायत पर गांव निवासी विनोद कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज हुआ है। आग लगने के स्थान से 7910 लीटर संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया गया है।
जब्त किए गए इस संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इसका उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि यह किस प्रकार का उत्पाद था और इसका उपयोग किस प्रयोजन से किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मौके पर संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ का अवैध भंडारण किया जा रहा था और लापरवाही के कारण आग लगने की आशंका है।
यह भी बताया गया है कि जब्त की गई मात्रा से कहीं अधिक पेट्रोलियम पदार्थ मौके पर ही जल गया था, जिसकी अनुमानित मात्रा दस हजार लीटर से अधिक हो सकती है। गौरतलब है कि शुक्रवार को गांव के आबादी क्षेत्र में आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई थी। दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था।
वर्तमान में ईरान युद्ध के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे बाजार में डीजल-पेट्रोल को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन पहले से ही जमाखोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ सख्ती बरत रहा है।
इन परिस्थितियों के बावजूद, गांव 3 एचडीपी में हजारों लीटर पेट्रोलियम पदार्थ का अवैध भंडारण प्रशासन की सतर्कता पर सवाल खड़े करता है।
डीएसओ सुनील घोड़ेला ने बताया कि पैट्रोलियम पदार्थ का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही इसके बारे में पूरी जानकारी मिल पाएगी। मौके पर कितना पैट्रोलियम पदार्थ स्टोर किया गया था, यह भी जांच का विषय है क्योंकि अधिकांश स्टॉक जल गया था।
