
हनुमानगढ़। जिले के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर के मंच पर हनुमानगढ़ का नाम रोशन किया है। “बैटल ऑफ ब्रेन्स” सीजन-12 के ग्रैंड फाइनल में हनुमानगढ़ के रुद्राक्ष चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं इसी आयोजन के अंतर्गत आयोजित “किसमें कितना है दम” डांस प्रतियोगिता में सीरत चौधरी ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम रनरअप का स्थान हासिल किया।
जानकारी के अनुसार, रुद्राक्ष चौधरी कक्षा 9 के छात्र हैं और उन्होंने अपनी बुद्धिमत्ता, तर्कशक्ति एवं विषय ज्ञान के दम पर प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता बनने पर उन्हें ट्रॉफी, विजेता प्रमाण पत्र एवं 5100 रुपए की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। रुद्राक्ष, महेंद्र कड़वा के सुपुत्र हैं, जबकि उनकी माता संदीप कौर राजस्व निरीक्षक (पक्का भादवा) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
रुद्राक्ष वर्तमान में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रेजीडेंसी, पक्कासहारना के छात्र हैं। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने उनकी इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि रुद्राक्ष शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं।
वहीं, इसी आयोजन में “किसमें कितना है दम” डांस प्रतियोगिता के अंतर्गत 9 से 12 वर्ष आयु वर्ग में सीरत चौधरी ने अपने शानदार नृत्य प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया और प्रथम रनरअप का स्थान प्राप्त किया। सीरत भी महेंद्र कड़वा एवं संदीप कौर की पुत्री हैं और उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर मंच पर अलग पहचान बनाई। उनके प्रदर्शन को निर्णायकों एवं दर्शकों ने खूब सराहा।
सीरत की इस उपलब्धि पर विद्यालय स्टाफ, परिजनों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के मंच बच्चों की प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं।
दोनों भाई-बहन की इस सफलता से न केवल उनके परिवार का नाम रोशन हुआ है, बल्कि हनुमानगढ़ जिले का भी गौरव बढ़ा है।
