
हनुमानगढ़। संस्कार इंटरनेशनल एकेडमी द्वारा रविवार को संस्कार–कॉमन एप्टीट्यूड टेस्ट 2026 (S-CAT 26) का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। परीक्षा का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों से हजारों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नर्सरी से कक्षा 11 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस परीक्षा में प्रतिभागियों ने अपनी योग्यता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। “Your Gateway to Success!” थीम के अंतर्गत आयोजित इस परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे गए तथा कोई नकारात्मक अंकन नहीं रखा गया, जिससे सभी विद्यार्थियों को समान अवसर प्राप्त हुआ।
परीक्षा के साथ-साथ प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार, छात्रवृत्तियाँ एवं प्रमाण पत्र की व्यवस्था भी की गई। उल्लेखनीय है कि इस परीक्षा के लिए पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क रखा गया, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सकी।
विद्यालय के प्राचार्य एल. बी. सुब्बा ने बताया कि S-CAT अब हनुमानगढ़ जिले की एक प्रतिष्ठित एवं बहुप्रतीक्षित परीक्षा बन चुकी है। विद्यार्थी एवं अभिभावक पूरे वर्ष इस परीक्षा की प्रतीक्षा करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा हेतु प्रदान की जाने वाली प्रश्न पुस्तिका पूर्णतः निःशुल्क होती है, जिसमें शोध आधारित प्रश्नों के साथ उनके उत्तर भी शामिल होते हैं, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक सिद्ध होते हैं।
प्राचार्य ने आगे कहा कि वार्षिक परीक्षा के उपरांत विद्यार्थियों ने अपने अवकाश का सदुपयोग करते हुए S-CAT 2026 की तैयारी की, जो उनके उत्साह और लगन को दर्शाता है। उन्होंने सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का विद्यालय पर विश्वास बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त किया।
परीक्षा का परिणाम 31 मार्च 2026 को विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं फेसबुक पेज पर घोषित किया जाएगा। मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार, प्रमाण पत्र एवं छात्रवृत्ति ऑफर लेटर प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
