
हनुमानगढ़। सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय का इस वर्ष भी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की आठवीं एवं पांचवीं कक्षाओं का परीक्षा परिणाम गत वर्ष की भांति शत-प्रतिशत रहा। उत्कृष्ट परिणाम आने पर सोमवार को विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव अमरनाथ सिंगला, सहसचिव अनिल बंसल, कोषाध्यक्ष देवेन्द्र बंसल (डिम्पल) एवं विद्यालय प्रिंसीपल प्रेरणा रस्तोगी ने माध्यमिक कक्षाओं में सर्वाेत्तम अंक प्राप्त करने वाली प्रतिभावान छात्राओं का तिलक लगाकर, माला पहनाकर तथा मुंह मीठा करवा कर अभिनंदन किया। साथ ही उन्हें सम्मान प्रतीक भेंट कर प्रोत्साहित किया गया, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, माध्यमिक परीक्षा में महकप्रीत, मोहिनी, खुशबू एवं विनिता ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं आठवीं एवं पांचवीं बोर्ड परीक्षाओं में भी अधिकांश विद्यार्थियों ने ए ग्रेड प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस शानदार परिणाम से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
इसके अतिरिक्त, राजस्थान राज्य स्काउट गाइड गतिविधियों में भी विद्यालय की छात्राओं ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मानवीका एवं खुशबू का चयन राज्य पुरस्कार रैली के लिए किया गया है। इन छात्राओं को भी समारोह में सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा नर्सरी से लेकर 11वीं तक की सभी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान प्रतीक देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं अभिभावकों की भूमिका को भी सराहा गया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से विद्यार्थियों ने यह सफलता प्राप्त की।
विद्यालय प्रिंसीपल प्रेरणा रस्तोगी ने कहा कि इस उत्कृष्ट परिणाम का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग को जाता है। उन्होंने सभी छात्राओं को भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
