
राजस्थान रॉयल्स की जीत के बाद ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने अपनी पुरानी टीम चेन्नई के लोगो को चूम लिया। उनका यह इमोशनल जेस्चर वायरल हो गया। सोमवार को गुवाहाटी में खेले मुकाबले में राजस्थान ने चेन्नई को 8 विकेट से हराया।
खलील से मुलाकात की
मैच के बाद जडेजा ने लेफ्ट आर्म पेसर खलील अहमद से मुलाकात की और उनकी जर्सी पर बने चेन्नई के लोगो को चूमा। उन्होंने माना कि टीम से अलग होना आसान नहीं था। जडेजा बोले कि 12-13 साल एक ही फ्रेंचाइजी के साथ बिताने के बाद बदलाव भावुक करने वाला था, लेकिन इसे करियर का हिस्सा मानकर स्वीकार किया।
राजस्थान में फिर मिली नई शुरुआत
जडेजा अब उसी टीम में लौटे हैं, जहां से उनका IPL करियर शुरू हुआ था। 17 साल बाद राजस्थान में वापसी कर रहे जडेजा ने हल्के अंदाज में कहा कि अब गुलाबी रंग अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि वह पॉजिटिव सोच के साथ टीम में आए हैं, जहां सीखने के साथ अपना अनुभव भी साझा करना चाहते हैं।
एक ही ओवर में दो विकेट लिए
जडेजा ने मैच में दो अहम विकेट लिए। उन्होंने शिवम दुबे और सरफराज खान को आउट किया। दुबे को आउट करने के बाद उनका गन सेलिब्रेशन वायरल हुआ। राजस्थान ने चेन्नई को 127 रन पर रोककर 12.1 ओवर में 2 विकेट खोकर जीत हासिल की।
2012 में चेन्नई के लिए पहला मैच खेला था
रवींद्र जडेजा ने चेन्नई के लिए पहला मैच 2012 सीजन में खेला था। नीलामी में CSK ने उन्हें 9.72 करोड़ रुपये में खरीदकर टीम में शामिल किया था।
