
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में पाकिस्तान बॉर्डर से सटे गांव में PIA (पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस) लिखा गुब्बारा मिला है। गुलाबी-सफेद गुब्बारे पर अंग्रेजी और उर्दू में पीआईए लिखा है। गुब्बारा मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मामले की जांच की जा रही है। यह गुब्बारा मंगलवार सुबह 11.30 बजे के करीब सीमा से सटे 51 LNP की रोही गांव के गेहूं के खेत में मिला।
जानकारी के अनुसार- खेत के मालिक किसान धनराज मांझू से पूछताछ में सामने आया कि गुब्बारा बबूल के झाड़ियों में फंसा था। गुब्बारा नजर आने के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में लिया। ASI श्योपत राम और राजेश कुमार ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की।
बबूल की झाड़ियों में पाकिस्तानी गुब्बारा..
खेत में बबूल की झाड़ियों में पड़ा हुआ पाकिस्तान की तरफ से आया गुब्बारा।
अंग्रेजी-उर्दू में लिखा PIA
पुलिस के अनुसार- गुब्बारे पर अंग्रेजी में PIA और उर्दू भाषा में पीआईए लिखा है। इस तरह के गुब्बारे पाकिस्तान में मिलते हैं। पहले भी इसी तरह के गुब्बारे सीमावर्ती इलाकों में मिल चुके हैं। सुरक्षा की दृष्टि से हर मामले की गहन जांच की जाती है।
पुलिस ने गुब्बारे की सूचना उच्च अधिकारियों और खुफिया विभाग को दी है। जांच में गुब्बारे का स्रोत, इसके पीछे कोई सुरक्षा खतरा तो नहीं और हवा के रुख से यह कहां से आया, इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
