
IPL में मंगलवार को पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस पर 3 विकेट से जीत दर्ज की। न्यू चंडीगढ़ में हुए इस मैच के दौरान दो रिकॉर्ड बने। युजवेंद्र चहल IPL मैचों के 7 से 16 ओवर के फेज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। वहीं अर्शदीप सिंह ने एक ओवर पूरा करने के लिए सबसे ज्यादा गेंद फेंकने के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
इन दो रिकॉर्ड के अलावा कई ऐसे मोमेंट्स से भी गुजरे जिनकी चर्चा मीडिया और सोशल मीडिया दोनों पर हो रही है।
PBKS Vs GT मैच के मोमेंट्स और रिकॉर्ड्स…
1. चहल ने तोड़ा रवींद्र जडेजा का रिकॉर्ड
युजवेंद्र चहल ने दो विकेट लिए। उन्होंने शुभमन गिल और जोस बटलर को आउट किया। ये दोनों 7 से 16 ओवर के बीच आए। चहल अब IPL इतिहास में इस फेज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
2. अर्शदीप ने 11 बॉल का ओवर फेंका
अर्शदीप सिंह ने गुजरात के खिलाफ 11 गेंदों का ओवर फेंका। ऐसा गुजरात की पारी के 20वें ओवर में हुआ। अर्शदीप ने इस ओवर में 4 वाइड और 1 नो बॉल फेंकी। इसलिए इसे पूरा करने में उन्हें 11 गेंदें लगीं। ओवर में गुजरात ने 12 रन बनाए।
अर्शदीप से पहले मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे, शार्दूल ठाकुर, संदीप शर्मा और हार्दिक पंड्या भी IPL में 11-11 गेंद का ओवर फेंक चुके हैं।
यहां से पढ़िए मैच के 10 खास मोमेंट्स
1. दो प्लेयर्स ने डेब्यू किया
तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को गुजरात टाइटंस के लिए IPL डेब्यू का मौका मिला। दूसरी ओर पंजाब किंग्स के कूपर कोनोली ने अपना पहला IPL मैच खेला।

अशोक शर्मा ने गुजरात टाइटंस की तरफ से डेब्यू किया। वे डोमेस्टिक क्रिकेट में राजस्थान से खेलते हैं।
2. चहल ने चौथी बार गिल को आउट किया
10वें ओवर की तीसरी गेंद पर युजवेंद्र चहल ने शुभमन गिल को आउट कर दिया। चहल ने गेंद को धीमा रखा। गिल मिड-विकेट के ऊपर स्लॉग स्वीप खेलने गए, लेकिन गेंद बल्ले के बीच में नहीं आई। डीप मिड-विकेट पर खड़े कूपर कोनोली ने आसान कैच पकड़ लिया। गिल ने 27 गेंदों में 39 रन बनाए।
चहल ने गिल को IPL में चौथी बार आउट किया है। चहल अब गिल को IPL में सबसे ज्यादा बार आउट करने के मामले में पांच अन्य गेंदबाजों के साथ टॉप पर आ गए हैं। चहले से पहले दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, हार्दिक पंड्या और एनरिक नॉर्त्या भी गिल को IPL में 4-4 बार आउट कर चुके हैं।
3. जेवियर बार्टलेट ने हवा में छलांग लगाकर कैच लपका
15.4 ओवर में युजवेंद्र चहल की बॉल पर जोस बटलर ने आगे बढ़कर लॉन्ग-ऑन के ऊपर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन टाइमिंग पूरी तरह सही नहीं रही।
गेंद हवा में गई और लॉन्ग-ऑन पर खड़े जैवियर बार्टलेट ने दाई ओर दौड़ते हुए शानदार छलांग लगाकर कैच लपक लिया। बटलर 33 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए।

जैवियर बार्टलेट ने बाउंड्री के करीब शानदार कैच लपका।
4. वाशिंगटन ने 4 बॉल पर कोई शॉट नहीं खेला
15.1 ओवर में सिंगल लेने के बाद वॉशिंगटन सुंदर ने 4 बॉल पर कोई शॉट नहीं खेला। उन्होंने कुल 6 बॉल डॉट खेली। जैवियर बार्टलेट और मार्को यानसन ने उन्हें पूरी तरह रोककर रखा। सुंदर ने 16 बॉल पर 18 रन बनाए। उनकी वजह से गुजरात बड़ा स्कोर नहीं बना पाई।

वाशिंगटन सुंदर बॉल छोड़ते हुए। उन्होंने 4 बॉल पर कोई शॉट नहीं खेला।
5. तेवतिया का बैट टेस्ट हुआ
17.4 ओवर में राहुल तेवतिया क्रीज पर आए। बल्लेबाजी शुरू करने से पहले अंपायर ने उनका बैट चेक किया। इस टेस्ट में उनका बैट फेल हो गया और तेवतिया को दूसरा बैट मंगाना पड़ा।

राहुल तेवतिया 10 बॉल पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
6. प्रियांश ने सिक्स से खाता खोला
पहले ओवर की 5वीं बॉल पर प्रियांश ने सिक्स से अपना और टीम का खाता खोला। मोहम्मद सिराज की शॉर्ट और ऑफ के बाहर गेंद पर प्रियंश आर्या ने शानदार शॉट खेला। उन्होंने गेंद पर पूरी तरह कंट्रोल रखते हुए डीप पॉइंट के ऊपर से छक्का जड़ दिया।

प्रियांश आर्या 7 रन ही बना सके।
7. कूपर कोनोली का 103 मीटर लंबा सिक्स
8वें की दूसरी बॉल पर राशिद खान की शॉर्ट गेंद पर कूपर कोनोली ने 103 मीटर लंबा सिक्स लगाया। बॉल लॉन्ग ऑन के ऊपर से सीधा स्टेडियम के दूसरे टियर में जाकर गिरी।

कूपर कोनोली ने पारी में 5 चौके और 5 सिक्स लगाए।
8. श्रेयस अय्यर को चोट लगी
12वें ओवर की आखिरी बॉल पर श्रेयस चोटिल हो गए। राशिद खान की गेंद पर कूपर कोनोली ने शॉट खेला, जो सीधे श्रेयस अय्यर की ओर गया। बचने की कोशिश में अय्यर पूरी तरह हट नहीं सके और गेंद उनकी कलाई पर लग गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि अय्यर तुरंत जमीन पर गिर पड़े और दर्द से कराहते नजर आए। फिजियो तुरंत मैदान पर आया और उन्हें आइस पैक दिया गया। हालांकि अगले ओवर में श्रेयस कैच आउट हो गए। वे 18 रन बनाए।
श्रेयस अय्यर ने 2 छक्के लगाए।
9. कोनोली ने चौका लगाकर फिफ्टी पूरी की
16वें ओवर में कूपर कोनोली ने फिफ्टी पूरी कर ली। उन्होंने कगिसो रबाडा के खिलाफ ओवर की पहली ही गेंद पर चौका लगाया और 34 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली। वे IPL डेब्यू में फिफ्टी लगाने वाले 25वें बल्लेबाज बने

कूपर कोनोली को दूसरे ओवर में बैटिंग करने आना पड़ा था।
10. 20वें ओवर में कोनोली के चौके से जीता पंजाब
19वें ओवर की पहली बॉल पर कूपर कोनोली ने कवर पर शानदार चौका जड़कर पंजाब किंग्स को जीत दिला दी। वॉशिंगटन सुंदर की फ्लैट गेंद पर कोनोली ने बेहतरीन टाइमिंग के साथ शॉट खेला और टीम ने 3 विकेट से मैच अपने नाम किया।
एक समय पंजाब किंग्स मजबूत स्थिति में थी, लेकिन अचानक मैच पलट गया। 109 रन पर टीम के सिर्फ 2 विकेट गिरे थे, लेकिन 118 तक स्कोर पहुंचते-पहुंचते 6 विकेट गिर गए।मार्कस स्टोयनिस 15वें ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए। इस दौरान प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 ओवर में 3 विकेट लेकर मैच में जबरदस्त वापसी कराई।
