
हनुमानगढ़। श्री हनुमान जन कल्याण समिति में एक बार फिर नेतृत्व की निरंतरता कायम रखते हुए सुमित रणवा ने आठवीं बार अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां सौंपीं और सभी सदस्यों को संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
नवगठित कार्यकारिणी में पंडित हीरालाल शर्मा एवं शेरपाल सिंह को संरक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि बनवारी लाल कूकना को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। संदीप बिंदल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुरेंद्र बंसल एवं वीरेंद्र शर्मा को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। समिति के सक्रिय सदस्य भारत भूषण कौशिक को लगातार 14वीं बार महासचिव पद की जिम्मेदारी देकर उनके अनुभव पर विश्वास जताया गया। इसके अलावा रामगोपाल गोदारा को सचिव, पवन अग्रवाल को कोषाध्यक्ष, नरेश शर्मा को भंडार मंत्री, गुरचरण धूडिया को प्रचार मंत्री तथा मोहित बलाडिया को संगठन मंत्री नियुक्त किया गया।
समिति में राजेंद्र बात्रा, मलकीत सिंह मान, नीरज कुमार, पुरुषोत्तम सोनी, इंद्र मोहन कटारिया, शिवकुमार शर्मा, नरेश चांडक, श्याम सुंदर झवर, गुरसेवक सिंह एवं गुरप्रीत सिंह मान को सम्मानित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए अध्यक्ष सुमित रणवा ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्रों में भी सक्रिय योगदान देना है।
उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर कार्य करने और समाजहित में निस्वार्थ भाव से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान सभी सदस्यों ने अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
बैठक में आगामी 27 और 28 अप्रैल को आयोजित होने वाले श्री संकट मोचन बालाजी धाम के वार्षिक महोत्सव 2026 को भव्य और आकर्षक तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया। सदस्यों ने कहा कि इस महोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की जाएंगी, जिसमें धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसमें भाग ले सकें।
अंत में सभी सदस्यों ने समिति की एकता और सक्रियता बनाए रखने का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही।
