
हनुमानगढ़। पूर्व उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में अनुसूचित जाति विभाग द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बाबू जगजीवन राम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति विभाग की जिला प्रभारी डॉ. प्रीति मेघवाल रहीं, जबकि जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष सुरेन्द्र खटीक ने की।
इस अवसर पर डॉ. प्रीति मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बाबू जगजीवन राम भारतीय राजनीति के महान नेता थे, जिन्होंने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता और न्याय स्थापित करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक समरसता और एकजुटता को मजबूत करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक अध्यक्ष सुरेन्द्र खटीक ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने अपने कार्यों से समाज में एक नई दिशा दी। उन्होंने दलित, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज में वास्तविक बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बाबू जगजीवन राम के आदर्शों पर चलने और समाज सेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया। इस मौके पर आमिर खान, शाहरुख़ खान, शाहरुख़ रोड़ावाली, गोविन्द रेगर, सद्दाम हुसैन, दलीप मीणा, अंशुमान बामनिया, सुरेंद्र कुमार, N. पी. वर्मा,हेमचंद मांडिया, पूर्ण मांडिया, दीपक मेघवाल, करण विमल, जगदीप रंगारा, जयराम ढुकिया, पालसिंह रामपुरिया,रणवीर नायक, प्रेमराज नायक,अजय कड़वा,खुशी अमलानी, विजय टाक , मोहनलाल इंदलिया, सुरेंद्र मारवाल , विजय गोंद,तरसेम कुमार,रामचंद्र चौधरी, सतीश जैन, नानक, लालचंद, चानन राम, पवन सिंघमार, जयपाल गिरी,राकेश चाँवरिया,विजय अमलानी, शकुर खां सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
