
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की और एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने की। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय की छत पर एकत्रित होकर भाजपा का ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के साथ ही “भाजपा जिंदाबाद” के नारे गूंज उठे। कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में भी जोरदार नारे लगाए।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं महापुरुषों के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने महापुरुषों के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता के रूप में बीकानेर से आए विजय आचार्य ने अपने संबोधन में भाजपा के इतिहास, विचारधारा और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जिसने राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष रामकिशन भाकर, देवेन्द्र पारीक, भाजपा प्रत्याशी अमित चौधरी, पूर्व विधायक धर्मेन्द्र मोची, स्थापना दिवस जिला संयोजक नंदलाल वर्मा तथा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रामसिंह बराड़ ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने भाजपा के स्थापना दिवस को संगठन के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि पार्टी आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है।
वक्ताओं ने कहा कि भाजपा ने अपने स्थापना काल से ही अंत्योदय और राष्ट्रवाद की भावना को प्राथमिकता दी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचार आज भी पार्टी की दिशा तय करते हैं। मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल ने कार्यकर्ताओं से इन मूल्यों को आत्मसात कर समाज सेवा में सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती, आगामी योजनाओं और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाकर संगठन को और मजबूत बनाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी ने किया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी के विकास और राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
स्थापना दिवस कार्यक्रम की श्रृंखला में पार्टी की नींव रहे जिले के वयोवृद्ध राजकुमार हिसारिया, कृष्णा बुआ, रामसिंह बराड़, हनुमान शर्मा, रेमल मरेजा, प्रेम नाहटा, रामस्वरूप लीला, लाल मोहम्मद को अतिथियों ने सम्मानित किया। इसी के साथ मन की बात के जिला संयोजक लेखराम जोशी को पूरे राजस्थान में जिले के प्रथम स्थान पर आने के लिए एवं बूथों पर 100 प्रतिशत सफल 8 माह से लगातार कार्यक्रम के लिए मण्डल अध्यक्ष लूणाराम पूनिया, नितिन बंसल, गुरदास बराड़ , हरी प्रकाश, हनीश ग्रोवर, रमनदीप सिंह, अभिषेक पारीक, राकेश पूनियां, विजय राठी, सत्यप्रकाश चाहर, मुकेश कुमार, दलीप सिंह राठौड़ तलवाड़ा, राहुल वर्मा टीम पर्यावरण प्रेमी को सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में भाजपा स्थापना दिवस के उपलक्ष में पौधारोपण भी किया गया।
