
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद हनुमानगढ़ के तत्वावधान में रविवार को गौशाला हनुमानगढ़ जंक्शन में सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिषद के सदस्यों ने गौमाता को 120 किलो हरा चारा खिलाकर गौसेवा की और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीके चावला का सम्मान व अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक आनंद मोहन, आयुर्वेद विभाग के संयुक्त निदेशक तीर्थराज शर्मा, एसबीआई प्रबंधक मदन मोहन शर्मा, पंजाब नेशनल बैंक के पूर्व प्रबंधक राजपाल नोखवाल, समाजसेवी सुमन चावला एवं भंवर सिंह जोड़किया रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की।
इस अवसर पर अतिथियों ने गौसेवा को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि गौमाता की सेवा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने परिषद द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं से ऐसे कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बीके चावला का शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। वक्ताओं ने उनके चिकित्सा क्षेत्र में लंबे समय से दिए जा रहे योगदान की प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने अपनी सेवाओं से समाज में एक अलग पहचान बनाई है।
कार्यक्रम के दौरान संगीतकार छोटेलाल सारवान, शंकर सैनी और किशोरी ने गौमाता पर आधारित भजनों एवं गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। अंत में परिषद के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक व सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर अवतार सिंह सिद्धू, महेन्द्र सिंह, गुरवीर सिंह, रामलाल कांवलिया, किशोरी, पवन सोनी, कुरड़ाराम, शंकर सैनी, साहिल, रामकरण वर्मा, सुभाष शर्मा, अनिल पोटलिया, रामचन्द्र, शंकर सैनी, रमेश पंचारिया, महेन्द्र स्वामी व अन्य सदस्य मौजूद थे।
