
श्रीगंगानगर। जिले के करणपुर क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन बरामद करने के 36 घंटे बाद पुलिस ने चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से पंजाब नंबर की एक क्रेटा गाड़ी भी जब्त की गई है।
दरअसल, 6 अप्रैल को श्रीकरणपुर थाना क्षेत्र में बीएसएफ की 163 बटालियन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने पाकिस्तान से ड्रोन के रास्ते गिराई गई 2 किलो 340 ग्राम खेप को पकड़ा था। जिसकी कीमत 12 करोड़ थी। बरामदगी में एक काला बैग, जैकेट, गर्म शॉल, लोवर और दो जोड़ी जूते भी थे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जिसके इसके बाद इस मामले में आज चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान गुरचरण सिंह उर्फ राजू (28), राजेंद्र सिंह (25), नरेंद्र सिंह उर्फ काका (21) व मंदीप (23) के रूप में हुई है। पकड़े गए चारों आरोपी पंजाब के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई क्रेटा गाड़ी भी जब्त कर ली है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से उनके लिंक की जांच की जा रही है।
दो तस्कर और पकड़े
वहीं, श्रीगंगानगर जिले की पदमपुर थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 300 ग्राम हेरोइन, बिक्री के 1 लाख 60 हजार रुपए नकद और एक बाइक जब्त की गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकास (49) और रणजीत (35) को अग्रवाल धर्मशाला, पदमपुर से गिरफ्तार किया गया। दोनों श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों आरोपी हेरोइन तस्कर हैं और नियमित रूप से हेरोइन की सप्लाई लेते और बेचते हैं।
धर्मशाला में उनकी मौजूदगी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापा मारा और दोनों को पकड़ लिया। उनके पास से 300 ग्राम हेरोइन, 1 लाख 60 हजार कैश और एक बाइक जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस फिलहाल दोनों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में हेरोइन की सोर्स, सप्लाई चेन और अन्य साथियों के नाम सामने आने की संभावना है।
