
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ के जावेद अली टाक का प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मान किया गया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) द्वारा पीसीसी कार्यालय में प्रथम कार्यकारिणी बैठक के साथ “संविधान जागरूकता एवं एकता सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर से पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष एमडी चोपदार ने किया। इस अवसर पर विभाग के स्टेट कोऑर्डिनेटर जावेद अली टाक सहित समस्त नव-नियुक्त पदाधिकारियों का शाल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर हार्दिक स्वागत किया गया। हनुमानगढ़ के जावेद अली टाक के सम्मान से जिले के कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
बैठक में वक्ताओं ने संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में एकता व भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि आगामी समय में प्रदेश के प्रत्येक जिले में “सद्भावना सम्मेलन” आयोजित किए जाएंगे, ताकि सामाजिक समरसता को और सुदृढ़ किया जा सके।
कार्यक्रम में जयपुर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष सुनील शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव ललित तूनवाल, पीसीसी महासचिव आर.सी. चौधरी, पीसीसी सचिव ताराचंद सैनी तथा पीसीसी महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अंत में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर संविधान की रक्षा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
