
हनुमानगढ़। श्री अमरनाथ सेवा समिति द्वारा आज एक सराहनीय समाजसेवी पहल करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। समिति ने पंजाबी मोहल्ले में स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में 15 गुणा 20 फीट आकार के एक नए कक्ष के निर्माण का विधिवत शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और सहयोग की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बना।
शिलान्यास समारोह के अवसर पर समिति के प्रधान सूरजभान मित्तल, सचिव इंद्रजीत चराया, उपाध्यक्ष पवन सिंगला, सहसचिव हैप्पी गुम्बर, कोषाध्यक्ष गोविंद सोमानी,राज कुमार चुघ,कृष्ण मदान, रजत बंसल,भोला सिंह सहित समिति के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनके साथ वार्ड पार्षद एवं भाजपा के जिला महामंत्री प्रदीप एरी, विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती प्रवीण नागपाल, जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र बठला, सीबीईओ काशीराम सहारन, एसीबीईओ दीपक मिड्डा,रमेश गुम्बर तथा अन्य गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा- अर्चना के साथ की गई। विशेष बात यह रही कि नए कक्ष की नींव विद्यालय की बालिकाओं के करकमलों से रखवाई गई, जिससे बालिकाओं को शिक्षा के केंद्र में रखने का सकारात्मक संदेश दिया गया। इस भावनात्मक क्षण ने उपस्थित सभी लोगों को प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्रीमती प्रवीण नागपाल ने जानकारी दी कि विद्यालय में कक्षों की कमी को देखते हुए राज्य सरकार की समसा योजना के अंतर्गत दो कक्षों का निर्माण किया जा रहा है, जबकि एक अतिरिक्त कक्ष का निर्माण श्री अमरनाथ सेवा समिति द्वारा कराया जा रहा है।आज तीनो कमरों की नींव रखी गई, उन्होंने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे पूर्व भी समिति द्वारा विद्यालय को निरंतर सहयोग प्रदान किया जाता रहा है और भविष्य में भी ऐसे सहयोग की आशा बनी रहेगी। प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि नए कक्ष के निर्माण से विद्यार्थियों के बैठने और अध्ययन की व्यवस्था बेहतर होगी, जिससे शैक्षणिक वातावरण में सुधार आएगा। विद्यालय स्टाफ की ओर से श्रीमती गगनदीप कौर, संजय, हरप्रीत सिंह, पवन कुमार, प्रियंका, विपुल कुमार, विशाल कुमार, राजेंद्र कौर सहित अन्य शिक्षकगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। यह शिलान्यास समारोह न केवल एक भवन निर्माण की शुरुआत है, बल्कि यह समाज और शिक्षा के बीच मजबूत साझेदारी का प्रतीक भी है, जो आने वाले समय में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगा।
