
हनुमानगढ़। जिले के कंप्यूटर अनुदेशकों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के समाधान को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) श्री जितेंद्र बाठला एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (CDEO) श्री पन्नालाल कडेला को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अनुदेशकों ने बताया कि विद्यालयों में कंप्यूटर विषय के लिए स्पष्ट कालांश निर्धारित नहीं होने, अन्य विषयों का कार्य लगाने तथा गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने के कारण कंप्यूटर शिक्षा प्रभावित हो रही है। जबकि शिक्षण सत्र 2026-27 के दिशा-निर्देशों एवं BCI/SCI जॉब चार्ट के अनुसार कक्षा 6 से 12 तक कंप्यूटर विषय के लिए पर्याप्त कालांश निर्धारित हैं, लेकिन उनका पालन नहीं किया जा रहा है।
अनुदेशकों ने यह भी अवगत कराया कि कई विद्यालयों में कंप्यूटर लैब की स्थिति खराब है या लैब उपलब्ध नहीं है, जिससे विद्यार्थियों को प्रायोगिक कार्य करने में कठिनाई हो रही है।
साथ ही, उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान में कंप्यूटर प्रशिक्षण ऐसे कर्मचारियों से करवाया जा रहा है जिनकी तकनीकी योग्यता सीमित है, जबकि यह कार्य विषय विशेषज्ञों का है। अनुदेशकों ने मांग की कि कंप्यूटर से संबंधित सभी प्रशिक्षण केवल योग्य एवं अनुभवी कंप्यूटर विशेषज्ञ (Computer Expert) द्वारा ही करवाए जाएं, ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन के माध्यम से कंप्यूटर अनुदेशकों ने मांग की कि सभी विद्यालयों के लिए एक समान आदेश जारी कर कंप्यूटर विषय के कालांश निर्धारित किए जाएं, BCI/SCI के अनुसार 42 कालांश लागू किए जाएं, अनावश्यक ड्यूटी पर रोक लगाई जाए तथा कंप्यूटर लैब की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए।
अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
