
श्रीगंगानगर ।नई धानमंडी में शुक्रवार को एफसीआई की ओर से फटा पुराना बारदाना वितरित करने पर जमकर बहसबाजी हुई। किसानों व व्यापारियों ने कच्चा आढ़तिया संघ कार्यालय पहुंचकर एतराज जताया। ठेकेदार ने साफ कहा कि वितरित किया गया बारदाना वापस नहीं लिया जाएगा। किसानों व व्यापारियों ने एफसीआई डीएम व कलेक्टर को शिकायत दर्ज करवाई।
श्रीगंगानगर मंडी में एमएसपी पर खरीदे जा रहे गेहूं को थैलों में भरने के लिए पुराना, खराब बारदाना वितरित किया जा रहा है। खराब बारदाना मिलने पर मंडी में गेहूं बेचने के लिए आए गणेशगढ़ क्षेत्र के किसान सोनू ताखर व व्यापारी राजेंद्र खोथ ने एतराज जताया। खराब बारदाने की शिकायत लेकर ये दोनों कच्चा आढ़तिया संघ कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने एफसीआई अधिकारियों से खराब बारदाना वापस लेने व सही बारदाना देने की मांग की। मौके पर उपस्थित एफसीआई ठेकेदार मूलचंद ने वितरित किया गया बारदाना वापस लेने से साफ मना कर दिया। इसके बाद व्यापारी व किसान एफसीआई डीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने लिखित में सही बारदाना वितरित करवाने की मांग की। एफसीआई ठेकेदार ने बताया कि इन दिनों एफसीआई की ओर से पुराना बारदाना उपलब्ध करवाया जा रहा है। करीब 45 प्रतिशत बारदाना फटा हुआ है। यह उपयोग योग्य नहीं है।
^व्यापारियों की सहमति से चलाया जा रहा काम : इस बार गेहूं की खरीद में नए के साथ पुराना बारदाना भी उपयोग में लिया जा रहा है। इस संबंध में पहले भी व्यापारियों की सहमति लेकर खरीद का कार्य शुरू किया गया था। जहां फटे हुए बारदाने की समस्या आई, उसका निस्तारण कर दिया गया है। -केशव गुप्ता, गुणवत्ता निरीक्षक, एफसीआई श्रीगंगानगर।
