
हनुमानगढ़। श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आदर्श कॉलोनी स्थित सिद्धेश्वर सुंदरकांड बालाजी धाम में दो दिवसीय भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर श्री सुंदरकांड मित्र मंडल समिति द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय की गई तथा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया।
मित्र मंडल के प्रधान सुशील गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 1 अप्रैल 2026 (बुधवार) को प्रातः 9:15 बजे श्रीरामचरितमानस पाठ से किया जाएगा। यह पाठ निरंतर चलता हुआ 2 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को प्रातः 9:15 बजे विधिवत मारुति यज्ञ के साथ पूर्णाहुति के रूप में संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत 1 अप्रैल को रात्रि 8 बजे विशेष आकर्षण के रूप में गंगा आरती एवं हनुमान जी की भव्य एवं आकर्षक आरती का आयोजन किया जाएगा। हनुमानगढ़ की धरा पर दूसरी बार आयोजित हो रही इस गंगा आरती को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। आयोजकों का मानना है कि इस दौरान पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो जाएगा।
2 अप्रैल को प्रातः 8:15 बजे विद्वान ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ श्री हनुमान जी महाराज का दिव्य पंचामृत एवं केसर-चंदन मिश्रित स्नान करवाया जाएगा। इसके पश्चात विधि-विधान से हनुमान जी को सिंदूरी चोला अर्पित किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र रहेगा।
मंडल के प्रवक्ता संजय पारीक ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम के तहत 2 अप्रैल को रात्रि 7:15 बजे “एक स्वर, एक स्थान, एक समय, एक साथ” के संकल्प के साथ 1100 हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में 1100 श्रद्धालु एक साथ बैठकर मंत्रोच्चारण के साथ हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इस पुण्य अवसर पर सभी श्रद्धालुओं के नाम भी दर्ज किए जाएंगे, जिससे यह आयोजन और भी विशेष बन जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर बालाजी को सवा क्विंटल खीर एवं चूरमे का भोग अर्पित किया जाएगा। आयोजन समिति ने हनुमानगढ़ वासियों से अपील की है कि वे सपरिवार इस धार्मिक आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करें और इस भव्य आयोजन के साक्षी बनें।
